वर्ल्ड क्लास सिटी के दावों के बीच बदहाल जनता फ्लैट्स — शालिनी सिंह ने उठाई आवाज


आज की खबर 
देव मणि शुक्ल 

नोएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्ष शालिनी सिंह ने आज अपनी टीम के साथ नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित जनता फ्लैट्स का स्थलीय निरीक्षण किया। यह दौरा उन स्थानीय निवासियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद किया गया, जो पिछले कई वर्षों से अपनी मूलभूत समस्याओं को लेकर संबंधित प्राधिकरणों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक कोई ठोस समाधान नहीं मिल पाया है। निवासियों ने फोरम से संपर्क कर अपनी समस्याओं को उठाने और उन्हें मजबूती से प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की थी, जिसके संज्ञान में लेते हुए शालिनी सिंह स्वयं टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और “वर्ल्ड क्लास सिटी” नोएडा के दावों के बीच जनता फ्लैट्स की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया तथा एक संक्षिप्त रिपोर्ट तैयार की।
इस दौरान शालिनी सिंह ने कहा कि यह बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक ओर नोएडा को “वर्ल्ड क्लास सिटी” के रूप में प्रस्तुत किया जाता है, वहीं दूसरी ओर जनता फ्लैट्स में रहने वाले लोग आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों से इन निवासियों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जाना पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने आगे कहा कि यहां रहने वाले नागरिकों को भी जान-माल की सुरक्षा का पूरा अधिकार है, इसलिए नोएडा प्राधिकरण को चाहिए कि वह इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे। शालिनी सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो नोएडा सिटीजन फोरम और स्थानीय निवासी मिलकर इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाने के लिए बाध्य होंगे, ताकि जनता फ्लैट्स में रहने वाले लोगों को उनका हक और सम्मानजनक जीवन मिल सके।

टिप्पणियाँ