आज़ादी मेरी नज़र में" – कॉम्पोज़िट विद्यालय में देशभक्ति से सराबोर प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन
आज की खबर
देव मणि शुक्ल
गाज़ियाबाद कॉम्पोज़िट विद्यालय, डासना गेट , नगर क्षेत्र, गाज़ियाबाद में आज़ादी के अमृत महोत्सव की भावना को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन अंतस् सेवा फाउण्डेशन के सौजन्य से किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में देश के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और स्वतंत्रता के महत्व को जागृत करना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत “आज़ादी मेरी नज़र में” विषय पर तीन प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं—
1. चित्रकला प्रतियोगिता
2. निबंध लेखन प्रतियोगिता
3. भाषण प्रतियोगिता
सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चले इस आयोजन में विद्यार्थियों ने अद्भुत उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया। अपनी रचनात्मकता, विचारशीलता और कला के माध्यम से उन्होंने स्वतंत्रता के महत्व, बलिदानों और अपने सपनों के भारत को सुंदरता से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि शिक्षिका शालिनी झा और विशिष्ट अतिथि समाजसेविका कविता सिंह के साथ संस्था की डायरेक्टर स्मिता श्रीवास्तव भी उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल एक ऐतिहासिक उपलब्धि नहीं, बल्कि इसे बनाए रखना हर नागरिक का सतत कर्तव्य है।
स्वयंसेवक का योगदान – कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सफल बनाने में स्वयंसेवक शोभित, रोशनी और सोनी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों में अनुशासन बनाए रखा, प्रतियोगिताओं का संचालन सुचारू रूप से कराया और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
पुरस्कार वितरण – प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 12 प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। मंच पर बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों और नारों ने वातावरण को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमति मंजू रावत ने अंतस् सेवा फाउण्डेशन, सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों के चरित्र निर्माण और देशभक्ति की भावना को प्रबल करती हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें