जलवायु विहार सेक्टर 21 एवं 25 की वार्षिक आम बैठक सम्पन्न
आज की खबर
देव मणि शुक्ल
नोएडा जलवायु विहार सेक्टर 21 एवं 25 की वार्षिक आम बैठक बड़े उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। यह बैठक लगभग तीन वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित की गई, जिसमें करीब तीन सौ निवासी सक्रिय रूप से शामिल हुए और समुदाय के विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रखी। बैठक की अध्यक्षता डॉ. अभिजीत ने की। यह अवसर विशेष रहा क्योंकि जलवायु विहार के इतिहास में पहली बार किसी सिविलियन प्रोफेशनल ने एजीएम का संचालन किया। अब तक एजीएम की अध्यक्षता प्रायः नौसेना एवं वायुसेना के अधिकारी करते आए हैं। इस सकारात्मक बदलाव का निवासियों ने स्वागत किया और इसे नई सोच तथा सहभागिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना।
संपूर्ण प्रबंधन समिति और सचिव की सामूहिक उपस्थिति ने बैठक को और महत्व प्रदान किया। समिति के सहयोग से बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई और सभी निर्णय सर्वसम्मति से पारित किए गए। चालू वर्ष का बजट तथा पिछले तीन वर्षों के वित्तीय विवरण ध्वनि मत से स्वीकृत किए गए। साथ ही, अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन से संबंधित विषयों पर भी व्यापक सहमति बनी।
निवासियों के हित में दो महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, पहला जेवीसीसी सामुदायिक केंद्र में सिविलियनों को वेटरन्स के समान अधिकार प्रदान किए जाएँगे, जिससे सभी निवासियों को सामुदायिक गतिविधियों और सुविधाओं में समान अवसर मिल सके। दूसरा, एम आई रूम में वेटरन्स के लिए ईसीएचएस सुविधा उपलब्ध कराने और अन्य निवासियों के लिए चिकित्सा सेवाओं का विस्तार करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इन दोनों कदमों को निवासियों ने समुदाय की एकजुटता और स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें