39 वर्षों से नोएडा की जनता ने जो प्यार दिया है और सेवा करने का जो मौका दिया है इसका कर्ज मै नहीं उतार सकता - डा महेश शर्मा
आज की खबर
देव मणि शुक्ल
नोएडा की पावन भूमि में 39 वर्ष पूरे किए है, यानि अपने जीवन का दो तिहाई हिस्सा। 1 नवंबर 1982 को जब मैं नोएडा आया था तब से लेकर आज तक क्षेत्र के लोगों ने इतना कुछ दिया जिसका कर्ज चुकाना आसान नहीं है।
26 वर्षों तक दादा जी और पिता जी सपरिवार “कानपुर” उत्तर प्रदेश में रहे, जहाँ पिता जी की शिक्षा-दीक्षा हुई। मेरा बचपन राजस्थान के अलवर जिले के एक छोटे से गांव मनेठी में गुजरा, जहाँ से मेरी मिडिल कक्षा तक की पढ़ाई हुई। मेरे ननिहाल नारनौल, हरियाणा में नाना-नानी से प्यार-दुलार मिला।
दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से MBBS की शिक्षा प्राप्त की, तो “वाराणसी” उत्तर प्रदेश से रिश्ता परिणय सूत्र में बधने से जुड़ा।
राजस्थान की मिट्टी की महक, कानपुर से रिश्तों की विरासत और वाराणसी से माँ गंगा का आशीर्वाद लेकर नोएडा की माटी से अपने नए जीवन की शुरुआत की।
माता-पिता के आशीर्वाद और सभी क्षेत्रवासियों के सहयोग से पिछले 39 वर्षों में मुझे बहुत कुछ मिला है। मेरा सौभाग्य है कि मुझे एक चिकित्सक, विधायक, सांसद एवं केंद्रीय मंत्री के रूप में यहाँ की जनता की सेवा करने का सौभाग्य मिला।
इस शहर और यहाँ के लोगों से मिले असीम प्रेम,स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास के लिए ह्रदय से धन्यवाद देता हूँ।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें